Breaking News

'इतनी पुरानी औरत से कौन बलात्कार करेगा'- अपर पुलिस अधीक्षक


देवरिया।  देश में छिड़ी बहस के बीच देवरिया के अपर पुलिस अधीक्षक की एक टिप्पणी ने दुष्कर्म की नई परिभाषा गढ़ दी है। शुक्रवार को दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की फरियाद लेकर पहुंची एक महिला को राहत देने की बजाय उन्होंने सार्वजनिक रूप से यह टिप्पणी करके सनसनी फैला दी कि 'इतनी पुरानी औरत से कौन बलात्कार करेगा'। उनकी इस टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रियाएं हो रही हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों एवं महिला संगठनों ने इसे महिलाओं का अपमान करार देते हुए उन्हें निलंबित करने की मांग की है।
बनकटा थाना क्षेत्र के दलन छपरा गांव की एक विवाहिता के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज न किए जाने से दुखी महिला पति के साथ मंगलवार को पुलिस अधीक्षक का कार्यभार देख रहे अपर पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी से मिलने पहुंची। काफी देर इंतजार के बाद गोस्वामी महिला से मिले तो जरूर लेकिन दुष्कर्म की घटना को झुठलाते रहे। उसी समय वहां पहुंचे पत्रकारों के सामने उन्होंने महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर पीड़िता की मर्यादा का ध्यान न रखते हुए उन्होंने बेहद अशिष्ट टिप्पणी कर विवाद मोल ले लिया। पत्रकारों ने दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई के बारे में जब उनका पक्ष जानना चाहता तो उन्होंने महिला के साथ आए परिजनों से पूछा कि उसकी शादी कितने साल पहले हुई। पंद्रह साल पहले शादी होने का जवाब मिलने पर उन्होंने तपाक से टिप्पणी कर दी कि 'इतनी पुरानी औरत के साथ कौन बलात्कार करेगा।' उनकी यह टिप्पणी सुन पीड़िता के परिजन एवं पत्रकारों के अलावा वहां मौजूद लोग दंग रह गए।
बाद में गोस्वामी के बयान पर बावेला मच गया। भाजपा, कांग्रेस एवं बसपा सहित विभिन्न संगठनों ने इसे अश्लील एवं महिला की मर्यादा का अपमान करने वाली टिप्पणी करार देते हुए गोस्वामी को निलंबित करने की मांग की है। विवाद बढ़ता देख पुलिस ने आनन-फानन शुक्रवार की शाम को बनकटा थाने में महिला के साथ दुष्कर्म के बजाय छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।

थाने से भगाने पर पहुंची थी पुलिस कार्यालय

पीड़िता के पति द्वारा पुलिस अधीक्षक को दी गई तहरीर के मुताबिक ग्राम दलन छपरा की विवाहिता बीस मार्च को देर रात शौच के लिए गांव से बाहर निकली। इस बीच घात लगाए गांव के ही संतोष सिंह ने उसके साथ दुष्कर्म किया। प्रतिरोध पर दुष्कर्मी ने गला दबा दिया। पीड़िता मौके पर बेहोश हो गई जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। काफी देर तक विवाहिता के घर न पहुंचने से घबराए परिजन तलाशते हुए जब गांव के बाहर पहुंचे तो वह खेत में बेहोश मिली। परिजन जब पीड़िता को घर ले आए तो उसने घटना की जानकारी दी। इस संबंध में जब पीड़िता थाने पहुंची तो पुलिस ने उसे भगा दिया। इसके बाद पति न्याय की गुहार लगाने पत्‍‌नी के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया।


कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR