Breaking News

कुशीनगर का सेवरही नगर पंचायत अब बन जायेगा नगर पालिका


टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों
सेवरही, कुशीनगर। उत्तर प्रदेश में कुशीनगर का सेवरही नगर पंचायत भी अब नगर पालिका बन जायेगा। इसे नगर पालिका के रूप में उच्चीकृत करने, नगर पालिका परिषद के गठन, सीमा विस्तार किए जाने तथा नगर पालिका परिषद के वर्गीकरण के लिए मानकों के निर्धारण के लिए शासन द्वारा शासनादेश जारी कर दिया गया है।
जिसको ध्यान में रखते हुए उप सचिव ने जिलाधिकारी से शासनादेश में निर्धारित नवीन मानदंडों के अनुसार समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कराते हुए एक परिपक्कव प्रस्ताव शासन को अतिशीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
इसके पूर्व नगर पंचायत सेवरही को मुख्यमंत्री के उप सचिव के पत्र के बावजूद नगर विकास विभाग के उपेक्षात्मक रवैये के चलते नगर पालिका का दर्जा नही मिला। जिससे क्षुब्ध नगर पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को रिमाइंडर भेजा। इसे संज्ञान में लेते हुए अनु सचिव ने दुसरी बार  जिलाधिकारी कुशीनगर से अपेक्षित प्रस्ताव अपनी संस्तुति के साथ शासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था।
ज्ञातव्य हो कि नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर विश्वकर्मा द्वारा मुख्यमंत्री को पूर्व में लिखे पत्र में अवगत कराया गया था कि 42 वर्ष पूर्व राजस्व ग्राम सेवरही, अवदान टोला, तुर्कवलिया,साहब गंज, कतौरा व पकडियार पूरब के आंशिक भाग को शामिल कर उत्तर प्रदेश शासन की अधिसूचना में 24 जुलाई 1971 को टाउन एरिया घोषित किया गया। तब उपनगर की आबादी लगभग 7 से 8 हजार थी। आज उपनगर की आबादी 50 हजार से अधिक हो चुकी है और सीमा जस की तस होने से मूलभूत जन सुविधाओं जैसे सरकारी बस स्टैंड, सरकारी अस्पताल, आइटीआइ कालेज, पार्क, स्कूल, छठ घाट, शव दाह गृह आदि की असुविधा है। इसके लिए पकडियार पूरब संपूर्ण, सुमही संत पट्टी तथा नगर पंचायत की सीमा से सटे राजस्व गांव के आंशिक भागों को नगर पंचायत की सीमा में सम्मिलित किया जाना और नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा दिया जाना अति आवश्यक है।

जिसको सज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री के उप सचिव आरवी सिंह ने गत 8 जनवरी को जिलाधिकारी कुशीनगर को भेजे गए पत्र में सेवरही को नगर पालिका का दर्जा देने हेतु जारी शासनादेश संख्या-. 2212-9-6-2014-181-मिस-2014 दिनांक 10.11.2014 के क्रम में समस्त औपचारिकताओं को पूर्ण करते हुए अंतिम व परिपक्व प्रस्ताव शासन को अतिशीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR