Breaking News

सद्भावना दिवस के रूप में मनायी गयी पूर्व रक्षामंत्री की पूण्य तिथि


टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों
पडरौना, कुशीनगर । भारत सरकार के पूर्व रक्षा राज्य मंत्री व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री कुंवर आरपीएन सिंह के पिता स्व. सीपीएन सिंह की पुण्य तिथि सद्भावना दिवस के रूप में श्रद्धा पूर्वक मनायी गयी। इस दौरान उनकी उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया व उनके पद चिह्नों पर चलने का सभी ने संकल्प दोहराया।


मंगलवार को राज दरबार स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय पर आयोजित समारोह में जनपद भर के कांग्रेसियों का जमावड़ा था। श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत स्व. सीपीएन सिंह के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री व कुशीनगर के सांसद श्री सिंह ने फूल माला पहना कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी कांग्रेसियों ने फूल माला पहनाया। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान अपने पिता द्वारा पूर्वाचल व तत्कालीन देवरिया जनपद में कराए गए विकास कार्यो का प्रकाश डाला।
श्रद्धांजली सभा में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पांडेय ने कहा स्व. सिंह एक ऐसे स्वाभिमानी
, साहसी, खुद्दार इंसान थे। जिसने बिना समझौता किए अपनी शर्तो पर आगे बढ़ते हुए राजनैतिक ऊंचाईयों को छुआ। उन्होंने कहा 1969 में पडरौना नगर विधायक के रूप में अपनी राजनैतिक करियर की शुरुआत करने वाले स्व. सीपीएन सिंह स्व. इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्रित्व काल में रक्षा मंत्रालय के जिम्मदारियों को बखूबी निभाया।

स्व. गांधी ने इनकी बहुमुखी प्रतिभा को देख विज्ञान, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, सागर विकास और प्रधानमंत्री के अधीन समस्त विभागों का चार्ज सौंपा गया था। आज उन्ही के ख्याति का असर है कि पडरौना का नाम पूरा विश्व जानता है। जिलाध्यक्ष ने कहा पिता के राह पर चलते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री कुंवर आरपीएन सिंह ने न सिर्फ कुशीनगर बल्कि पूर्वाचल के चतुर्दिक विकास में जी जान लगा दिया हैं।

इस दौरान कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष सुशीला गिरि, लोक सभा अध्यक्ष अमरेंद्र मल्ल, संतोष श्रीवास्तव, नवीज आलम, राजेश जायसवाल, निक्कू पांडेय,सुनील दीक्षित,जगदंबा अग्रवाल, चेयरमैन राजकुमार सिंह, महेंद्र सिंह, डा. अशोक सिंह, नागेंद्र शुक्ला, ओम प्रकाश यादव, नवीन कोहली, राम आशीष सिंह, राधा विनोद मल्ल, समीर सिंह, कल्पनाथ सिंह, कृष्ण प्रताप सिंह, रोहित मल्ल, पीयुष दूबे, रविंद्र राय आदि उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR