Breaking News

हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया ईद का त्यौहार


नई दिल्ली। देशभर में आज हर्ष और उल्लास के साथ ईद का त्यौहार मनाया गया। इस मौके पर मस्जिदों और ईदगाह में मुस्लिमों ने विशेष नमाज अदा की और एक दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी।

 त्यौहार पर मुबारकबाद देने राजधानी में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के यहां गए। काले बदरा छाए रहने और कुछ इलाकों में बारिश के बावजूद सैकड़ों श्रद्धालु नमाज अदा करने के लिए शहर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद, हजरत निजामुद्दीन और अन्य मस्जिदों में गए।


`ईद मुबारक' कहकर लोगों ने एक दूसरे को शुभकामनाएं दी। तोहफों का आदान प्रदान हुआ और सेवइयां, फिरनी तथा विभिन्न किस्म की बिरयानी और कबाब का जमकर लुत्फ लिया गया। बड़े-बुजुर्गों ने प्यार से बच्चों को ईदी दी।त्यौहार के मौके पर लोग अपने रिश्तेदारों के यहां गए। कुछ बाजारों को विशेष तौर पर सजाया गया था, जहां लोग घूमने फिरने गए। जरूरतमंदों को मदद भेंट की गयी।

देशभर में मस्जिदों और ईदगाहों में श्रद्धालु उमड़ पड़े। जम्मू कश्मीर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनके पिता केंदीय मंत्री फारूक अब्दुल्ला ने हजरतबल दरगाह में नमाज अदा की। यहां पर करीब 60,000 लोग जमा हुए।कुछ जगहों पर हुए प्रदर्शनों को छोड़कर समूचे कश्मीर में ईद पारंपरिक उल्लास के साथ मनायी गयी। ईदगाह मैदान में 35000 लोग आए। घाटी के अन्य जिला मुख्यालयों और सभी प्रमुख कस्बों से ईद मनाये जाने की सूचना मिली है।घाटी में ज्यादातर जगहों पर शांतिपूर्ण तरीके से ईद मनाये जाने की सूचना मिली है वहीं पुराने शहर और सिविल लाइंस इलाके के हैदरपोरा में नमाज के बाद हिंसा भड़क उठा । बारामूला जिले के सोपोर शहर और दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग शहर से भी प्रदर्शन की खबरें मिली है। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ईद-उल-फितर के मौके पर लोगों को मुबारकबाद दी।कोलकाता में नमाज अदा करने की सबसे बड़ी जगह रेड रोड में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी गयी। इस मौके पर बनर्जी ने अल्पसंख्यकों के लिए राज्य में उच्च शिक्षा में आरक्षण का एलान किया।बनर्जी ने कहा, ``हम चाहते हैं कि अल्पसंख्यक समुदायों के बच्चे और युवा अध्ययन में अग्रणी हों और डॉक्टर, इंजीनियर तथा अन्य क्षेत्र में पेशेवर बने।''गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के अलग राज्य की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन बंद से प्रभावित दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र में त्यौहार का असर फीका रहा। 


गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद मोदी ने ट्विटर के जरिए लोगों को मुबारकबाद दी। उन्होंने ट्वीट किया, ``ईद मुबारक...पवित्र मौके पर देशवासियों को खुशी, शांति, समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य की शुभकामनाएं।'' बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस अवसर पर कई स्थानों पर जाकर ईद की बधाई दी और राज्य की प्रगति की कामना की।

पटना के गांधी मैदान में नमाज के दौरान उन्हें नमाजी टोपी पहनाई गई। नीतीश ने राज्य की समृद्धि, प्रगति और गरीबी उन्मूलन के लिए दुआ मांगी। बाद में उन्होंने बच्चों के साथ `सेवई' खाई।मध्यप्रदेश में ईद का त्यौहार परंपरागत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश कांगेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, पूर्व केन्द्राrय मंत्री सुरेश पचौरी सहित अन्य दलों के प्रमुख नेता ईदगाह पहुंचे और उन्होंने मुस्लिमों को ईद की बधाई दीं।

 दक्षिण में भी हर्षोल्लास से ईद मनायी। चेन्नई के माउंट रोड पर प्रसिद्ध दरगाह में हजारों मुसलमान पहुंचे थे। नागपट्टिनम के मुसलमान बहुल नागौर में भी विशेष नमाज अदा की गयी।तमिलनाडु के राज्यपाल के रोसैया, मुख्यमंत्री जे जयललिता, दमुक प्रमुख एम करूणानिधि और कई नेताओं ने लोगों को ईद उल फितर की बधाई दी।

कर्नाटक में ईदगाहों एवं मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुसलमान विशेष नमाज अदा करने पहुंचे। कई स्थानों पर परमार्थ कार्य भी हुआ, गरीबों एवं जरूरतमंदों को नये कपड़े, भोजन के पैकेट और उपहार दिए गए।केरल में मुसलमानों ने कल ही ईद मनायी थी।  पंजाब और हरियाणा में मुस्लिमों ने पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास से ईद उल फितर का त्यौहार मनाया। नमाज अदा करने के लिए लोग मस्जिद गए और दोस्तों-रिश्तेदारों को मिलकर त्यौहार की मुबारकबाद दी।

गुरदासपुर, लुधियाना, मलेरकोटला, अंबाला, पानीपत, मेवात और गुड़गांव सहित दोनों राज्यों के विभिन्न जगहों पर उत्साह के साथ त्यौहार मनाया गया।पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने समुदाय के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्यौहार भाईचारा का प्रतीक है और हमारी मिली जुली संस्कृति की असली भावना को भी दिखाता है। उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और पंजाब कांग्रेस प्रमुख प्रताप सिंह बाजवा ने भी इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी।

कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR