Breaking News

सात ग्रहों वाले नए सौरमंडल की खोज

लंदन। खगोलविदें ने सुदूर अंतरिक्ष में सूरज जैसे सितारे के चारों तरफ चक्कर लगा रहे सात ग्रहों की खोज की है। यह ग्रह प्रणाली पृथ्वी से 127 प्रकाश वर्ष दूर स्थित है और अब तक ज्ञात सबसे उत्कृष्ट ग्रह प्रणालियों में से एक है।
द यूरोपीयन सदर्न ऑब्जर्वेटरी (ईएसओ) के शोधकर्ताओं ने एचडी 10180 सितारे के चारों तरफ चक्कर लगा रहे कम से कम पांच ग्रहों की खोज की है। उनका मानना है कि इस सौर मंडल में दो अन्य ग्रह भी हैं, जिसमें से एक का घनत्व अब तक ज्ञात सभी ग्रहों के घनत्व से कम है। अगर ऐसा होता है, तो ग्रहों की संख्या के हिसाब से यह हमारे सौरमंडल से मिलता जुलता होगा। शोधकर्ताओं को इस बात के भी सुबूत मिले हैं कि नए सौर मंडल में मौजूद सभी ग्रह सूरज से निश्चित दूरी पर हैं जो हमारे सौर मंडल के समान है।
शोधकर्ताओं की टीम का नेतृत्व करने वाले क्रिस्टोफर लोविस के मुताबिक, 'सूरज के चारों तरफ चक्कर लगा रहे ग्रहों की यह अब तक खोजी गई सबसे उत्कृष्ट ग्रह प्रणाली है, जिसका अपना एक निश्चित पैटर्न है।' खगोलविद् पिछले छह साल से इस पर शोध कर रहे हैं। प्रमुख शोधकर्ता लोविस ने कहा, हमें पूरा विश्वास है कि एचडी 10180 के चक्कर लगा रहे पांच ग्रहों के अलावा दो अन्य ग्रह भी मौजूद हैं। इनमें से एक अपने सितारे के बहुत नजदीक हो सकता है, जो पृथ्वी से सूरज के बीच की दूरी का मात्र दो प्रतिशत हो सकती है। इस ग्रह का एक साल धरती के 1.18 दिन के बराबर होगा।
एजेन्सी 

कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR