Breaking News

विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत

टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों

कुशीनगर । उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। विवाहिता का पति आठ महीने से विदेश में है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार कुशीनगर के खड्डा थाना क्षेत्र के नवल छपरा गांव निवासी मनीष की शादी दो वर्ष पहले पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बडहरागंज गांव में माधुरी से हुई थी। इस दंपति का एक बच्चा भी है। लगभग आठ माह से मनीष विदेश में है। माधुरी भी आशा कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रही थी। माधुरी के पिता के अनुसार ससुराल वाले दहेज की मांग करते थे। इस बावत पंचायत भी हो चुकी है। दहेज कम मिलने की बात कहकर मनीष ने माधुरी को उपेक्षा शुरू कर दिया था। अब वह दूसरी शादी की बात करने लगा था। विदेश जाने के बाद वह माधुरी से फोन पर भी बात नहीं करता था। सास-ससुर भी लांछन लगाकर प्रताड़ित करते थे।
इधर दीपावली के दिन सुबह माधुरी की तबियत खराब होने की बात कही जा रही थी। चर्चा है कि बीमार माधुरी को पति से भी बात नहीं करने दी गई। बाद में माधुरी संदिग्ध परिस्थितियों में बुरी तरह से झुलस गई, जिसे खड्डा पीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार की रात में शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस मामले में खड्डा पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर सास, ससुर, ननद, नन्दोई और जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष खड्डा संजय मिश्रा का कहना है कि मृतका के पिता के तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अजय कुमार त्रिपाठी

कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR