Breaking News

कुशीनगर की तीन देवियाॅ नवरात्र के पहले दिन भारत सरकार द्वारा होगी सम्मानित


टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो।
कुशीनगर। राष्ट्रीय पोषण मिशन योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने  वाली कुशीनगर की तीन देवियों को नवरात्र के पहले दिन 10 अक्तूबर को नई दिल्ली में भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया जायेगा। भारत सरकार द्वारा सम्मानित होने वाली इन तीन देवियों एक एएनएम, एक आशा और एक आंगनबाड़ी कार्यकत्री शामिल हैं। 
जानकारी के अनुसार देश में कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य को सुधारने के लिए बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से इस वर्ष 25 जुलाई से अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को गति देने के लिए सितंबर माह को पोषण माह के रूप में मनाया गया था। जिसके सापेक्ष इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने पर उत्तर प्रदेश के छह जनपदों की एक-एक एएनएम, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण अवार्ड के लिए चयनित किया गया है। इन छह जिलों में कुशीनगर, गोरखपुर, आगरा, फैजाबाद, मुरादाबाद और सीतापुर शामिल हैं।
पुरस्कार के लिए चयनित जनपद की तीन महिलाओं दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ी एएनएम शीला देवी, आशा अनीश फातमा तथा सीडीपीओ कार्यालय दुदही से जुड़ी ठाड़ीभार की आंगनबाड़ी कार्यकत्री नीतू देवी शामिल हैं। एएनएम और आशा के नोडल अधिकारी के रूप दुदही सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार पांडेय को नामित किया गया है, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकत्री की नोडल अधिकारी दुदही की प्रभारी सीडीपीओ शांति पांडेय हैं। भारत सरकार द्वारा दिया जाने वाला यह अवार्ड नई दिल्ली में 10 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में दिया जाएगा।
इस सम्बन्ध में डॉ. अनिल कुमार सिंह जिलाधिकारी कुशीनगर ने बताया कि नोडल अधिकारी और सभी प्रतिभागियों के रहने तथा भोजन की व्यवस्था सरकार की ओर से की गयी है। पुरस्कार के लिए नौ अक्तूबर को शाम चार बजे से नई दिल्ली में पूर्वाभ्यास होना है, जबकि 10 अक्तूबर को सुबह दस बजे भारत सरकार की ओर से पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
 कुमार अजय त्रिपाठी

कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR