Breaking News

केन्द्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को एक साथ जनता तक पहुचाये कार्यकर्ता

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो 
कुशीनगर । उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में स्थित लीलावती देवी स्टेडियम में बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि वे महात्मा बुद्ध की धरती पर भगवान कृष्ण की धरती से आए हैं। कृष्ण द्वारा दिए गए गीता के उपदेश व बुद्ध के उपदेश एक-दूसरे के पूरक हैं। 
श्री खट्टर कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, गोरखपुर व बांसगांव लोकसभा क्षेत्र के सेक्टर संयोजकों व कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव निकट है। चुनाव में कार्यकर्ताओं को किस प्रकार भूमिका निभानी है, वह सभी कार्यकताओं को पता है। लेकिन अपना सूत्र याद करना होगा। इसी को लेकर ही हम सभी लोग यहां एकत्रित हुए हैं। नए कार्यकर्ताओं को पुराने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अनुभव प्राप्त करना होगा। 
हमारे पास दो प्रकार की उपलब्धियां है एक तो केंद्र की और दूसरी प्रदेश की। इन दोनों सरकारों की योजनाओं को लेकर आप जन-जन के पास जाकर बताएं। केंद्र सरकार सबका साथ-सबका विकास को लेकर कार्य कर रही है। प्रदेश और केंद्र सरकार औसतन सप्ताह में एक योजना को लेकर जनता के बीच जाती है।
हरियाणा के सीएम ने कहा कि पांच लोकसभा क्षेत्र को मिलाकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमे राजनैतिक और संगठनात्मक विषय दोनों शामिल हैं। उन्होने कहा कि हरियाणा में दो पूर्व मुख्यमंत्री बचे हैं, बाकी दिवंगत हो चुके हैं। अपनी करनी को लेकर दोनों में एक जेल के सलाखों के अंदर है तो दूसरे पर सीबीआई जांच चल रही है। उन्होने कहा कि सभी सेक्टर प्रमुख बूथों का गठन कर लें। अगर एक भी बूथ छूटता है तो उसका खामियाजा कई बूथ मिलकर चुकाते हैं।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह ने कहा कि पीएम ने देश के भविष्य को सुनहरा बनाने का कार्य किया है। जनता का विश्वास हमारे साथ है।2019 के चुनाव में पुनः लोकसभा चुनाव जीतकर मोदी को दुबारा प्रधानमंत्री बनाना है। केंद्र व प्रदेश द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित होने हैं, जिसकी रूपरेखा तैयार हो चुकी है। सरकार की योजनाओं को लेकर एक एक कार्यकर्ता के जिम्मे पांच लाभार्थी होंगे। इनको उनकी आवश्यकता के अनुसार लाभ पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। दो मार्च को प्रत्येक विधानसभा में बाइक रैली निकाली जाएगी। 

कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR