डीएम–एसपी की मौजूदगी में जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक
डीएम–एसपी की मौजूदगी में जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक,
▪️ त्योहारों को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने की तथा पुलिस अधीक्षक केशव कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने रमजान, होलिका दहन, होली, नवरात्रि एवं रामनवमी की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि पूर्व में हुए विवादों, विशेषकर दो समुदायों से संबंधित संवेदनशील मामलों का अभिलेख अवश्य जांच लिया जाए तथा बार-बार विवाद में शामिल रहे व्यक्तियों को विधि सम्मत धाराओं में पाबंद किया जाए।
उन्होंने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्कता बरतने, विवेकपूर्ण निर्णय लेने तथा आवश्यकता पड़ने पर उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य, विद्युत एवं नगर निकाय विभागों के अधिकारियों के संपर्क सूत्र उपलब्ध रखने पर बल दिया, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि होली के दिन किसी को जबरन रंग न लगाया जाए और न ही शराब के नशे में किसी प्रकार की अभद्रता की जाए। पुरानी रंजिश को लेकर विवाद उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
होलिका दहन स्थलों से जुड़े विवाद आपसी सहमति से सुलझाने तथा दहन के दिन निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रमजान के दौरान नमाज स्थलों पर साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने निर्देश दिया कि शोभायात्राओं के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे। कानून-व्यवस्था से छेड़छाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भारी एवं अतिभारित वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए और न ही बिना पुष्टि के कोई प्रतिक्रिया दी जाए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को संस्कारित वातावरण देने की अपील की।
उन्होंने आयोजक समितियों से समन्वय स्थापित कर पुलिस के साथ सहयोगात्मक भूमिका निभाने को कहा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। शरारती तत्वों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार पाबंद करने तथा परंपरागत मार्गों व स्थलों पर ही जुलूस और नमाज संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR