तकनीकी क्रांति की ओर कुशीनगर: दुर्गा फाउंडेशन व जिला प्रशासन के बीच ऐतिहासिक एमओयू
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
समझौते के तहत कुशीनगर में जिला एआई हब की स्थापना की जाएगी, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल कौशल और उभरती तकनीकों के प्रशिक्षण का केंद्र बनेगा। इस हब के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों तथा सरकारी कर्मियों को आधुनिक तकनीकी दक्षताओं से लैस किया जाएगा, जिससे जिला नवाचार और डिजिटल क्षमता विकास का मॉडल बन सके।
प्रशासनिक सुधार की दिशा में भी यह एमओयू अहम साबित होगा। अधिकारियों और कर्मचारियों को ई-ऑफिस तथा डिजिटल गवर्नेंस टूल्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा वितरण की गति में उल्लेखनीय सुधार होगा।
शैक्षिक क्षेत्र में भी बड़ा कदम उठाते हुए जनपद के सभी राजकीय एवं अनुदानित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट विद्यालयों में ई-लिटरेसी और एआई आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
ई-लिटरेसी अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, ग्रामीण स्कूलों, युवाओं एवं महिलाओं को डिजिटल साक्षरता, एआई की मूलभूत समझ और ई-गवर्नेंस सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल वॉलंटियर्स तैयार कर आमजन को ऑनलाइन सेवाओं से जोड़ने की योजना भी बनाई गई है।
इस अवसर पर जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि यह साझेदारी कुशीनगर के डिजिटल भविष्य की आधारशिला है। इससे न केवल तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
दुर्गा फाउंडेशन ने भी इस पहल को जिले के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए प्रशासन के साथ मिलकर निरंतर तकनीकी सशक्तिकरण के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया।

कोई टिप्पणी नहीं
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR