Breaking News

शीतलहर से निपटने को कुशीनगर प्रशासन सतर्क,

 शीतलहर से निपटने को कुशीनगर प्रशासन सतर्क, 

▪️जन-धन सुरक्षा हेतु जिलाधिकारी के सख्त निर्देश

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर।जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कुशीनगर द्वारा वर्ष 2025–26 में संभावित शीतलहर, घना कोहरा एवं अत्यधिक ठंड से उत्पन्न होने वाली समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए जन-धन की सुरक्षा के लिए समस्त संबंधित विभागों को समन्वित एवं प्रभावी कार्यवाही के सख्त निर्देश दिए गए हैं। जनपद की भौगोलिक स्थिति के कारण ठंड व कोहरे से सड़क दुर्घटनाओं, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, पशुहानि तथा जनजीवन प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है, जिस पर समय रहते ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

DM Kushinagar

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि सड़कों की मरम्मत कर गड्ढों को तत्काल भरा जाए तथा सड़क की सतह चिह्नांकन, परावर्तक संकेतक, पैदल पार पथ, मार्ग संकेतक बोर्ड एवं स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त रखा जाए। प्रमुख चौराहों, दुर्घटना संभावित स्थलों, मोड़ों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा जिला पंचायत द्वारा सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किए जाएं।

घने कोहरे के दौरान सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चेतावनी संकेतों, वाहनों में परावर्तक सामग्री के उपयोग, धीमी गति से वाहन चलाने तथा हेडलाइट जलाकर चलने जैसे संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस, परिवहन विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग संयुक्त रूप से यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखें।

अत्यधिक ठंड से बचाव के लिए असहाय, निराश्रित एवं कमजोर वर्ग के लोगों हेतु अलाव जलाने एवं कंबल वितरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। रैन बसेरों को सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ चौबीसों घंटे संचालित रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों, चिकित्सकीय स्टाफ एवं सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए चौबीसों घंटे स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं।

अग्निकांड की संभावनाओं को देखते हुए हीटर, अंगीठी, कोयला एवं लकड़ी के सुरक्षित उपयोग के प्रति जनसामान्य को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन विभाग को आवश्यक संसाधनों के साथ सतर्क रहने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने को कहा गया है।

पशुओं के संरक्षण हेतु पशु चिकित्सालयों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, टीकाकरण, पशु आश्रय स्थलों की व्यवस्था तथा पशुपालकों को ठंड से बचाव संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

शिक्षा विभाग को विद्यालयों में विद्यार्थियों को ठंड से बचाव, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। कृषि विभाग को किसानों के लिए मौसम आधारित फसल परामर्श समय-समय पर जारी करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए जनहित में कार्य करें। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कुशीनगर द्वारा समस्त व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR