Breaking News

देवतहा बाजार लूटकांड का खुलासा: चार गिरफ्तार,

 

🔴10 लाख के जेवर व अवैध असलहा बरामद

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में 14 फरवरी की शाम स्वर्णकार से हुई सनसनीखेज लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अवैध असलहा बरामद किया है।

एसपी मीडिया सेल से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 फरवरी की देर शाम थाना नेबुआ नौरंगिया पर सूचना मिली कि सेमरा निवासी भीम वर्मा पुत्र श्रीनिवास वर्मा अपनी दुकान “अनीश ज्वेलर्स” देवतहा बाजार बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कार सवार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल में जानबूझकर टक्कर मारकर गिरा दिया और असलहे के दम पर सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।


घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने तत्काल मुकदमा संख्या 41/2026 पंजीकृत कर अनावरण के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी खड्डा वीरेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में कुल छह विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की।

19 फरवरी को स्वाट, नेबुआ नौरंगिया, खड्डा, जटहा बाजार, डायल 112 और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, 5 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, आठ सिम कार्ड तथा एक अवैध पिस्टल .32 बोर मय पांच जिंदा कारतूस और दो अवैध तमंचा .315 बोर मय पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में कार्य करते हैं और पिछले छह माह से किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे। गिरोह के सदस्य गोकुल कुशवाहा उर्फ खरवान ने पीड़ित की दुकान, आवागमन के समय और रूट की जानकारी साझा की थी। अभियुक्तों ने कई दिनों तक रेकी कर सुनसान स्थान चिन्हित किए और 14 फरवरी की शाम स्लेटी रंग की सेंट्रो कार (बीआर 01 एडब्ल्यू 5532) से टक्कर मारकर घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने मुकदमा संख्या 041/2026 धारा 309(4), 317(1), 3(5) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार अभियुक्त महा प्रताप कुशवाहा उर्फ माया, सत्येन्द्र कुमार, गोकुल कुशवाहा उर्फ खरवान और दिपान्शु कुमार श्रीवास्तव को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक द्वारा सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम को 50 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। कार्रवाई में स्वाट, थाना नेबुआ नौरंगिया, खड्डा, जटहा बाजार, डायल 112, साइबर सेल व सर्विलांस टीम के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR