कुशीनगर के 194 परीक्षा केन्द्रों पर बोर्ड परीक्षा शुरू
🔴1,09,699 परीक्षार्थी पंजीकृत, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया आकस्मिक निरीक्षण,
🔴नकलविहीन व शांतिपूर्ण परीक्षा के निर्देश
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
पडरौना, कुशीनगर।उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा जनपद में बुधवार 18 फरवरी से प्रारंभ हो गई, जो 12 मार्च 2026 तक संचालित होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम पाली प्रातः 8:30 से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 से सायं 5:15 बजे तक आयोजित की जा रही है।
जनपद में कुल 194 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इस वर्ष 1,09,699 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें हाईस्कूल के 58,338 तथा इंटरमीडिएट के 51,361 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। परीक्षा को सुव्यवस्थित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद को 6 जोन एवं 22 सेक्टर में विभाजित किया गया है। 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा सभी 194 केन्द्रों पर स्थैतिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रत्येक केन्द्र पर केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक तथा 50 प्रतिशत बाह्य कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति की गई है।
हाईस्कूल के प्रश्नपत्रों के मुख्य बाक्स का रंग सफेद तथा आरक्षित बाक्स का नीला/हरा निर्धारित किया गया है, जबकि इंटरमीडिएट के मुख्य बाक्स का रंग पीला एवं आरक्षित बाक्स का गुलाबी रखा गया है, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
परीक्षा के प्रथम दिन जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के साथ विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसान इंटर कॉलेज, साखोपार तथा एस.बी. इंटर कॉलेज का स्थलीय भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षार्थियों की उपस्थिति, प्रश्नपत्र वितरण व्यवस्था, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती तथा सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत जानकारी ली। परीक्षा कक्षों में प्रकाश व्यवस्था, निगरानी कैमरों की सक्रियता, सुरक्षित कक्ष की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रख-रखाव, प्रवेश द्वार पर तलाशी व्यवस्था तथा बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पर नियंत्रण की स्थिति का गहन निरीक्षण किया गया।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा पूर्णतः पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर तत्काल नियंत्रण के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षा की शुचिता एवं निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सतत निरीक्षण एवं निगरानी की कार्यवाही परीक्षा अवधि तक जारी रहेगी।


कोई टिप्पणी नहीं
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR