पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
कप्तान साहब! भरे ट्रक से माल गायब तो नहीं?
▪️360 बोतलों की बरामदगी बन गई चर्चा का विषय
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। पडरौना कोतवाली पुलिस द्वारा बिहार सीमा स्थित बांसी चौकी के पास एक ट्रक से 360 बोतल पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद कर अंतरराज्यीय तस्करी का खुलासा किए जाने के दावे के बाद कार्रवाई को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं। पुलिस के अनुसार उक्त ट्रक पंजाब से बिहार की ओर जा रहा था और शराब की खेप तस्करी के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की बात कही गई है।
हालांकि बरामदगी की मात्रा को लेकर स्थानीय स्तर पर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। आम चर्चा यह है कि सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय करने वाले एक मालवाहक ट्रक में केवल 360 बोतल शराब ही क्यों लाई जा रही थी। ट्रक के संचालन में डीजल, टोल टैक्स, भाड़ा और अन्य खर्चों को देखते हुए इतनी छोटी खेप आर्थिक दृष्टि से व्यवहारिक नहीं प्रतीत होती। जानकारों का मानना है कि तस्करी का नेटवर्क जोखिम और लाभ के संतुलन पर कार्य करता है, ऐसे में इतनी सीमित मात्रा के लिए पूरे ट्रक का उपयोग सवाल खड़े करता है।
पुलिस ने दावा किया है कि गिरफ्तार आरोपी संगठित गिरोह से जुड़े हैं और पंजाब व चंडीगढ़ से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे, किंतु गिरोह के अन्य सदस्यों
या कथित सरगना के संबंध में कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि उक्त खेप बिहार में किसे सौंपी जानी थी अथवा इससे पूर्व इस मार्ग से कितनी बार आपूर्ति की गई।
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि क्या ट्रक में वास्तविक मात्रा 360 बोतलों से अधिक तो नहीं थी। जब्ती सूची, बरामदगी की प्रक्रिया, स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी तथा वीडियोग्राफी जैसे पहलुओं पर भी पारदर्शिता की अपेक्षा जताई जा रही है। ट्रक की क्षमता और घोषित बरामदगी के आंकड़े में अंतर को लेकर संदेह स्वाभाविक बताया जा रहा है।
यह मामला केवल 360 बोतलों की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी कार्रवाई की पारदर्शिता और विश्वसनीयता से भी जुड़ा हुआ है। यदि अंतरराज्यीय तस्करी का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है तो उसके पूरे तंत्र का खुलासा किया जाना चाहिए। वहीं यदि बरामदगी सीमित थी तो ट्रक के उपयोग का ठोस कारण सामने आना आवश्यक है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन उठ रहे सवालों पर क्या आधिकारिक स्पष्टीकरण देता है।

कोई टिप्पणी नहीं
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR