Breaking News

ट्रक की टक्कर से गन्ना लदा ट्रैक्टर पलटा, चालक बाल-बाल बचा


टक्कर मारकर ट्रक चालक वाहन समेत फरार

इम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

सलेमगढ़, कुशीनगर। तमकुहीराज से गन्ने का बीज लेकर बिहार के गोपालगंज जा रहे ट्रैक्टर को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली सहित डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, जबकि ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, तमकुहीराज निवासी राम आशीष गन्ने का बीज लेकर गोपालगंज जिले के तिरबिरवा गांव जा रहे थे। टोल प्लाजा पार करने के बाद जैसे ही ट्रैक्टर सलेमगढ़ मौजा गांव के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रक ने तेज गति में टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। ट्रैक्टर दूसरे लेन में जा पहुंचा, जबकि गन्ना लदी ट्रॉली डिवाइडर पर अटक गई। अचानक हुई घटना में चालक उछलकर डिवाइडर के बीच गिर पड़ा, जिससे उसकी जान बच गई।

घटना के लगभग एक घंटे बाद जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा कराया गया। बाद में दूसरे ट्रैक्टर से गन्ने का बीज गोपालगंज भेजा गया। बहादुरपुर चौकी प्रभारी विक्रम प्रताप राय ने बताया कि घटना में चालक सुरक्षित है और वाहन को भी आंशिक क्षति हुई है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।

कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR