मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू
18 जनवरी को सभी बूथों पर फिर पढ़ी जाएगी वोटर लिस्ट
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो | कुशीनगर
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जनपद कुशीनगर की समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके तहत 06 जनवरी 2026 को जनपद के सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जा चुका है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव मिश्रा ने बताया कि मतदाता सूची में दर्ज नामों की शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 11 जनवरी 2026 को सभी मतदान केन्द्रों पर सूची पढ़कर सुनाई गई। इसी क्रम में आगामी 18 जनवरी 2026 (रविवार) को जनपद के सभी बूथों पर एक बार फिर मतदाता सूची पढ़कर सुनाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह है कि यदि प्रकाशित मतदाता सूची में किसी मतदाता का नाम छूटा हो, विवरण गलत हो अथवा कोई अन्य त्रुटि हो, तो उसे समय रहते सुधारा जा सके। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर नागरिक निर्धारित अवधि में दावा अथवा आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। इस दौरान 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6 भरकर संबंधित मतदान केन्द्र स्तरीय अधिकारी के पास जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से अंतरजाल पर भी आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि वे अपने मतदान अधिकार की सुरक्षा के लिए मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में समय रहते सुधार कराएं।

कोई टिप्पणी नहीं
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR