700 छात्रों का डीआईओएस कार्यालय पर धरना,

 प्रवेश पत्र से वंचित 700 छात्रों का डीआईओएस कार्यालय पर धरना,

▪️ परीक्षा में शामिल करने की मांग

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। बोर्ड परीक्षा से वंचित किए गए गोस्वामी तुलसीदास इंटरमीडिएट कॉलेज, पडरौना के लगभग 700 छात्र-छात्राओं का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। प्रवेश पत्र न मिलने से क्षुब्ध छात्र जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय पहुंच गए और वहीं धरने पर बैठ गए। देर शाम तक छात्र डीआईओएस से मिलकर पूरे प्रकरण की जानकारी और परीक्षा में शामिल किए जाने की मांग पर अड़े रहे।

जानकारी के अनुसार माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होनी है। परीक्षा से एक दिन पहले, 17 फरवरी तक भी संबंधित छात्रों को प्रवेश पत्र जारी नहीं किया गया। इससे आक्रोशित छात्र बड़ी संख्या में डीआईओएस कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी करने लगे।

धरने पर बैठे छात्रों का कहना था कि उन्होंने समय से परीक्षा फार्म भरे, निर्धारित शुल्क जमा किया और सभी औपचारिकताएं पूरी कीं। कई छात्रों को रोल नंबर भी आवंटित हो चुका था तथा आवश्यक प्रक्रियाएं भी पूरी करा दी गई थीं। इसके बावजूद अचानक परीक्षा से वंचित किया जाना अन्यायपूर्ण है।

छात्रों ने सवाल उठाया कि यदि किसी स्तर पर त्रुटि हुई है तो उसकी सजा छात्रों को क्यों दी जा रही है? उनका कहना था कि पूरे वर्ष की मेहनत दांव पर लग गई है और परीक्षा से बाहर करना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

धरने के दौरान सैकड़ों छात्र विद्यालय प्रशासन और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। मौके पर देर शाम तक कोई वरिष्ठ अधिकारी छात्रों से वार्ता के लिए नहीं पहुंचा था।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व प्रवेश पत्र निरस्त किए जाने के मामले में छात्रों को न्यायिक स्तर पर भी राहत नहीं मिल सकी थी। अब छात्र प्रशासन से सीधे हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।

समाचार लिखे जाने तक धरना जारी था और छात्र परीक्षा में शामिल किए जाने की मांग पर डटे हुए थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ