Breaking News

होली पर मिली किसानों को सौगात


🔴कृषि यंत्रों पर अनुदान का सुनहरा मौका

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। होली के पावन अवसर पर प्रदेश सरकार ने किसानों को बड़ी सौगात दी है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने का विशेष अवसर उपलब्ध कराया गया है। उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह ने बताया कि कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत यह सुविधा निर्धारित अवधि के लिए शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि ‘सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन’ योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर, कृषि ड्रोन एवं अन्य एकल कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा। वहीं ‘प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू’ योजना के अंतर्गत फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े कृषि यंत्रों पर भी अनुदान उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत बैच ड्रायर एवं मक्का शेलर पर भी सहायता दी जाएगी।

कृषि यंत्रों हेतु ऑनलाइन आवेदन/बुकिंग 25 फरवरी 2026 को दोपहर 12:00 बजे से 04 मार्च 2026 की रात्रि 12:00 बजे तक विभागीय पोर्टल पर जनपदवार की जाएगी। इच्छुक किसान विभाग के ‘दर्शन’ पोर्टल पर किसान कॉर्नर में जाकर “यंत्र बुकिंग प्रारम्भ” लिंक पर क्लिक कर आवेदन कर सकते हैं।

विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि लाभार्थियों का चयन/बुकिंग टोकन कन्फर्म होने की तिथि से कृषि यंत्र क्रय करना होगा। क्रय रसीद, यंत्र की फोटो तथा संबंधित अभिलेख अधिकतम 10 दिन के भीतर विभागीय पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य रहेगा। कस्टम हायरिंग सेंटर एवं फार्म मशीनरी बैंक भी इस प्रक्रिया में सम्मिलित हैं।

उप कृषि निदेशक ने जनपद के समस्त कृषकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन आवेदन कर शासन की इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR