ईरान-अमेरिका तनाव के बीच दुबई में फंसे कुशीनगर के युवक से टूटा संपर्क

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच दुबई में फंसे कुशीनगर के युवक से टूटा संपर्क, 

परिवार ने सरकार से लगाई गुहार

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो, 

पडरौना (कुशीनगर)।अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब यूरोपीय देशों के साथ-साथ एशियाई देशों में भी दिखाई देने लगा है। इस तनाव के कारण खाड़ी देशों में काम कर रहे भारतीय कामगारों की सुरक्षा को लेकर उनके परिवारों की चिंता बढ़ गई है। भारत से दुबई, सऊदी अरब, दोहा (कतर), इजरायल और ओमान जैसे देशों में रोजी-रोटी की तलाश में गए कामगारों के सामने भी खतरे की आशंका बढ़ने लगी है। ऐसे में कई परिवार अपने बच्चों की सुरक्षित वतन वापसी के लिए भारत सरकार से गुहार लगा रहे हैं।

अजय गुप्ता की फाइल फोटो

ऐसा ही एक मामला कुशीनगर जिले से सामने आया है। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा हर्दो निवासी बाबूलाल गुप्ता का पुत्र अजय गुप्ता करीब आठ माह पहले रोजी-रोटी की तलाश में दुबई गया था। वहां वह डीआईपी-1 क्षेत्र स्थित फैसल जैस्मीन कंपनी में काम कर रहा था। परिवार के अनुसार सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन अचानक ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव और क्षेत्र में हो रही गोलाबारी के बीच अजय से परिवार का संपर्क टूट गया।

परिजनों के मुताबिक अजय से आखिरी बार चार दिन पहले मोबाइल नंबर +971507202581 पर बात हुई थी। उसके बाद से अब तक कोई संपर्क नहीं हो पाया है। इस स्थिति से परिवार बेहद चिंतित है। अजय के पिता बाबूलाल गुप्ता और उनकी पत्नी की तबीयत भी बेटे की चिंता में बिगड़ गई है। परिवार के लोग लगातार रो-रोकर बेहाल हैं और किसी तरह की सूचना का इंतजार कर रहे हैं।

बाबूलाल गुप्ता ने भारत सरकार और प्रशासन से अपील करते हुए कहा है कि उनके बेटे की सकुशल जानकारी दिलाई जाए और यदि वह किसी संकट में फंसा है तो उसे सुरक्षित भारत वापस लाने में मदद की जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ