Breaking News

भाजपा विधायक के बेटे के खिलाफ कार्यवाही की मांग

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर मे  भाजपा विधायक रजनीकांत मणि के बेटे के खिलाफ भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत के कई सदस्य एसपी से मिले और कार्यवाही की मांग को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
बताया जा रहा है कि बीते शनिवार को भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने से नाराज विधायक के बेटे ने अपने सहयोगियों के साथ भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष के साथ दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट की।

ज्ञात हो भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष नीतीश कुमार यादव मौजूदा समय में जिला पंचायत सदस्य हैं। वे सोमवार को कई अन्य जिला पंचायत सदस्यों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच एसपी अशोक कुमार पांडेय को ज्ञापन सौंपा। उन्होने बताया कि बीते शनिवार को भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंशी का कुशीनगर जिले में कार्यक्रम था। जिले में उनके आगमन पर पार्टी द्वारा उनके स्वागत की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गयी थी।

कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष कुशीनगर स्थित एक होटल से जब लखनऊ वापस लौट गये तभी कुशीनगर विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी के बेटे देवेन्दु मणि त्रिपाठी 10 अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचे। उन लोगों ने भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत करने पर नाराजगी जताते हुए दुर्व्यवहार किया और मारते पीटते हुए जान से मारने की धमकी दी।
घटना स्थल पर रहे कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीच बचाव किया। घटना के बाबत कसया पुलिस को तहरीर दे दी गयी है। श्री यादव सहित जिला पंचायत सदस्यों ने विधायक के बेटे के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की मांग की है।

By
सुधा त्रिपाठी

कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR