Breaking News

गोस्वामी तुलसीदास इंटर कॉलेज का पत्राचार केंद्र निरस्त, 700 छात्रों के भविष्य पर संकट


जांच में गंभीर अनियमितताएं उजागर, प्रधान लिपिक निलंबित व मुकदमा दर्ज

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर।पडरौना नगर स्थित गोस्वामी तुलसीदास इंटर कॉलेज का पत्राचार पंजीकरण केंद्र गंभीर अनियमितताओं के चलते तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। सत्र 2025–26 में करीब 700 छात्रों के आवेदन पत्रों में भारी गड़बड़ी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है।


मामले की जांच के बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के निर्देश पर विद्यालय के प्रधान लिपिक ज्ञान प्रकाश पाठक को निलंबित कर उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। जांच में पाया गया कि बड़ी संख्या में आवेदन पत्रों में जरूरी अभिलेखों का अभाव था, कई दस्तावेजों में अंतर पाया गया और नियमानुसार सत्यापन भी नहीं किया गया।

इतना ही नहीं, कई छात्रों द्वारा निर्धारित  सीमा में शुल्क जमा न करने के बावजूद उनके आवेदन भेज दिए गए, जबकि नियमानुसार ऐसा करना पूरी तरह अवैध है। जांच में यह भी सामने आया कि हर छात्र का चालान अलग-अलग जमा होना चाहिए था, लेकिन यहां सभी छात्रों का चालान एक साथ जमा कर दिया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए। इसके अलावा वर्ष 2024 के पंजीकरण आवेदन भी समय से विभाग को नहीं भेजे गए, जिसे विभाग ने गंभीर लापरवाही माना है।

जांच के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य भी सामने आया कि कई आवेदन पत्रों पर प्रधानाचार्य के स्थान पर प्रधान लिपिक ज्ञान प्रकाश पाठक के हस्ताक्षर पाए गए। इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए उन्हें निलंबित कर उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा चुकी है। बताया जा रहा है कि पत्राचार पंजीकरण और परीक्षा से जुड़ी औपचारिकताओं में गंभीर अनियमितताएं बरती गईं। समय से ऑनलाइन प्रविष्टियां, सत्यापन और आवश्यक अभिलेख अपलोड नहीं किए गए।


 नोडल अधिकारी स्तर पर भी निगरानी में कोताही बरती गई, जबकि कागजी कार्रवाई में भारी चूक सामने आई। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय भी समय रहते खामियों को पकड़ने और सुधारने में विफल रहा, जिसके कारण बोर्ड स्तर पर छात्रों के प्रवेश पत्र जारी नहीं हो सके।

सी.एल. चौरसिया, अपर शिक्षा निदेशक (पत्राचार शिक्षा संस्थान) प्रयागराज द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जांच में सामने आई गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए पत्राचार पंजीकरण केंद्र संख्या-901, गोस्वामी तुलसीदास इंटर कॉलेज पडरौना कुशीनगर को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि भविष्य में पत्राचार पंजीकरण तथा परीक्षा आवेदन से संबंधित कोई भी कार्य संपादित न किया जाए।

कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR