अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

 टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो 

पडरौना/कुशीनगर,। जनपद कुशीनगर में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कप्तानगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक बंद पड़े मुर्गी फार्म में संचालित अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।


पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कसया श्री कुन्दन कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने मथौली फर्दहा मार्ग स्थित एक बंद मुर्गी फार्म से दीनानाथ जायसवाल पुत्र बिकाऊ जायसवाल एवं निगम जायसवाल पुत्र कमलेश जायसवाल निवासी वार्ड नंबर 13, नगर पंचायत मथौली बाजार, थाना कप्तानगंज को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान 4000 खाली पाउच बण्टी बबली देशी शराब (कुल 16 बोरियां), एक जरीकेन में 6 लीटर अपमिश्रित कच्ची शराब, एक बोरी में 5 किलोग्राम यूरिया तथा 300 ग्राम नौसादर बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त होली पर्व के अवसर पर अवैध अपमिश्रित कच्ची शराब को पाउच में भरकर बेचने की तैयारी में थे। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कप्तानगंज में मु0अ0सं0 61/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम, 274/318(4) बीएनएस एवं 51/63 कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अभिलेख के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त निगम जायसवाल का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अंकित सिंह, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ