Breaking News

नगर पालिका अध्यक्ष ने किया कल्याण मंडपम निर्माण का स्थलीय निरीक्षण

 

गरीब व मध्यम वर्ग के लिए बनेगा सामाजिक आयोजनों का सुलभ केंद्र

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो,

पडरौना (कुशीनगर)।पडरौना नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर-6, महाराणा प्रताप नगर में लगभग एक एकड़ भूमि में निर्माणाधीन कल्याण मंडपम का नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनय जायसवाल ने विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, डिज़ाइन एवं उपयोगिता से जुड़े सभी पहलुओं का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

  अध्यक्ष ने किया कल्याण मंडपम निर्माण का स्थलीय निरीक्षण

नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि कल्याण मंडपम केवल एक भवन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और जनकल्याण का केंद्र होगा। इसका मुख्य उद्देश्य नगर के गरीब, कमजोर एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को कम खर्च में विवाह, सामूहिक विवाह, धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु एक सुलभ और सम्मानजनक स्थल उपलब्ध कराना है।

उन्होंने निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री के उपयोग और समयबद्ध पूर्णता पर विशेष जोर देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद पडरौना प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच के अनुरूप गरीबों और जरूरतमंदों के हित में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार हेतु निरंतर कार्य कर रही है।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष बुलबुल जायसवाल, वार्ड सभासद बलवंत सिंह, अरविंद कुशवाहा, रितेश जायसवाल, संतोष चौहान, सिंटू पांडे, ऋषिकेश सिंह, अभय सिंह, राजेश जायसवाल, अंकित अग्रवाल, सागर जायसवाल, अंशु जायसवाल, सनी मिश्रा, अनिल पांडे, धर्मेंद्र मद्धेशिया, काशी राजभर सहित अभियंता, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

स्थानीय नागरिकों, विशेषकर गरीब एवं श्रमिक वर्ग के लोगों ने कल्याण मंडपम के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय पहल बताया तथा नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।

नगर पालिका परिषद पडरौना नगर के सर्वांगीण विकास, सामाजिक न्याय एवं अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्यरत है।

1 टिप्पणी:

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR