संयुक्त छापेमारी में 6 कुन्तल लहन व 4 अवैध भट्टियाँ नष्ट

 टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

कसया, कुशीनगर। जनपद में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को बड़ी कार्रवाई सामने आई। क्षेत्राधिकारी कसया के नेतृत्व में थाना कसया पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम सिसई तथा धुरिया भाट में छापेमारी कर लगभग 6 कुन्तल लहन और 4 अवैध शराब भट्टियाँ नष्ट कर दीं।


पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में जनपदभर में अवैध शराब के निर्माण, निष्कर्षण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 02 मार्च 2026 को संयुक्त टीम ने चिन्हित स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण के अड्डे का भंडाफोड़ हुआ, जहां भारी मात्रा में लहन तैयार किया जा रहा था। टीम ने मौके पर ही लहन को नष्ट करने के साथ ही संचालित चारों भट्टियों को ध्वस्त कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ