Breaking News

सावित्री देवी बनी कुशीनगर की प्रथम नागरिक


जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हुआ सम्पन्न

टाइम्स आफ़ कुशीनगर ब्यूरो 
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में सम्पन्न हुए जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सावित्री देवी ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्दी समाजवादी पार्टी के रीता  देवी को 31 मतो से कड़ी शिकश्त दी है ।
कुशीनगर के जिला पंचायत अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया शनिवार को संपन्न हो गई। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुए मतदान एवं मतगणना के बाद परिणाम आया। जिसमे भाजपा की सावित्री देवी विजयी घोषित की गई । जिन्हें कुल 61 मतदाताओ के मुकाबले 46 मतदाताओं ने अपने मत देकर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी सुरक्षित कर दिया। वही मात्र 15 मतदाताओ ने समाजवादी पार्टी के रीता देवी को अपना मत दिया। चुनाव परिणाम आने के बाद  जिलाधिकारी एस0 राजलिंगम द्वारा कुशीनगर के प्रथम नागरिक सावित्री देवी को विजयी होने पर जिलाधिकारी कक्ष में प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। 
कुशीनगर में चुनाव की प्रक्रिया नामांकन से लेकर मतदान एवं मतगणना तथा परिणाम प्राप्ति तक सबकुछ शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। प्रशासन की मुस्तैदी  बहुत ही चाक-चौबंद थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा था। वही 200 मीटर की परिधि के अंदर किसी भी अतिरिक्त व्यक्ति को आने की इजाजत नहीं थी। जिलाधिकारी  तथा अपर जिलाधिकारी ने प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए सावित्री देवी को जीत की बधाई दी। ज्ञात हो कि सावित्री देवी पूर्व में भी जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं।
इधर सकुशल चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद सावित्री देवी तथा भाजपा के जिलाध्यक्ष  द्वारा पूरे जिला प्रशासन को उनकी मुस्तैदी तथा शांतिपूर्ण तरीके से निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न कराये जाने हेतु  धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्रा, जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी  विंध्यवासिनी राय तथा सावित्री देवी के पति प्रदीप जायसवाल एवं अन्य लोग मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं

टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!

.................................TIMES OF KUSHINAGAR