टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। सिसवा नगरपालिका के लक्ष्मीबाई नगर वार्ड स्थित लोहेपार में शनिवार दोपहर बरसाती पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 12 वर्षीय किशन की मौत हो गई। हादसा ईंट भट्ठे के समीप हुआ। बच्चों के साथ नहाने पहुंचे किशन को गहरे पानी में डूबता देख साथी बच्चों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
बताया गया कि गोरखपुर के हजारीपुर निवासी स्वर्गीय अशोक का पुत्र किशन पिछले माह लोहेपार स्थित अपने मौसा सुरेंद्र के घर आया था। शनिवार दोपहर करीब एक बजे वह कुछ बच्चों के साथ ईंट भट्ठे के समीप बरसाती पानी से भरे गड्ढे में नहा रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाकर उसे बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी।
परिजन आनन-फानन में किशन को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गोरखपुर में उसकी मां पूनम और दो बहनों सोनी व मोनी का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर कोठीभार पुलिस सीएचसी पहुंची और शव के पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर: रंजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR