नौकरी के लिए भटक रहा युवा, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा उत्तर प्रदेश- शिवपाल

नौकरी के लिए भटक रहा युवा, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा उत्तर प्रदेश : शिवपाल

मोहन सिंह की पुण्यतिथि पर सपा का शक्ति प्रदर्शन, 2027 में सरकार बनाने का संकल्प; कनकलता बोलीं- पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए बरहज को विकास की राह पर ले जाऊंगी

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

बरहज/देवरिया। समाजवादी चिंतक, पूर्व सांसद और समाजवादी आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे स्वर्गीय मोहन सिंह की 14वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को बरहज में आयोजित श्रद्धांजलि सभा राजनीतिक संदेश का मंच बन गई। बाबा राघव दास भगवान दास स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता जुटे। मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही प्रदेश सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला और कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जुट जाने का आह्वान किया।


शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आज प्रदेश का युवा नौकरी की तलाश में भटक रहा है और भ्रष्टाचार की समस्या गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने से युवाओं में निराशा और आक्रोश है। उनके अनुसार सरकार के खिलाफ युवाओं का असंतोष सामने आ रहा है।

मोहन सिंह को याद करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सिद्धांतों और मूल्यों से समझौता नहीं किया। गरीबों और समाजवाद के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि मोहन सिंह प्रदेश की समस्याओं को संसद में मजबूती से उठाते थे और उनके विचारों की व्यापक पहचान थी।


उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से कहा कि मोहन सिंह के विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए संगठन को मजबूत किया जाए। शिवपाल सिंह यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को सत्ता तक पहुंचाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से संकल्प लेने का आह्वान किया।

सभा में सपा नेताओं ने किसान, नौजवान, मजदूर, महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। सपा जिला उपाध्यक्ष अवधेश चौधरी ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं से युवा परेशान हैं और रोजगार की तलाश में भटक रहा है। उन्होंने किसानों को खाद, बीज और फसल के उचित मूल्य से जुड़ी समस्याओं तथा महंगाई का भी मुद्दा उठाया।

सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ने मोहन सिंह को संवैधानिक मामलों का जानकार और विचारों से समृद्ध व्यक्तित्व बताया। विधायक सुभाषचंद्र श्रीवास्तव ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।


श्रद्धांजलि सभा में भावुक नजर आईं मोहन सिंह की पुत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद कनकलता सिंह ने कहा कि उनके पिता के नाम पर प्रस्तावित मोहन सेतु का निर्माण अब तक नहीं हो सका है, जो जनता के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता के आदर्शों पर चलते हुए बरहज विधानसभा क्षेत्र को विकास के पथ पर ले जाने के लिए संकल्पित हैं और इसके लिए लगातार कार्य करेंगी।

कार्यक्रम के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिवपाल सिंह यादव का माल्यार्पण और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। सभा में सुल्तानपुर सांसद राम भुआल निषाद, पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी, राधेश्याम सिंह, पूर्व एमएलसी जेपी जायसवाल, पूर्व विधायक स्वामीनाथ यादव, आशुतोष उपाध्याय, मनबोध प्रसाद, रामप्रवेश यादव, जूही सिंह, मोहन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सपा के पूर्व वरिष्ठ नेता स्वर्गीय मोहन सिंह की पुण्यतिथि पर जुटे सपाई 

बरहज की सीमा से सभा स्थल तक दिखा स्वागत का सिलसिला

बरहज पहुंचने पर शिवपाल सिंह यादव का पटनवा घाट और कपरवार से लेकर बरहज तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। बेलडाढ़ मोड़ पर पूर्व जिलाध्यक्ष गिरेंद्र यादव, रणवीर यादव, मंजनाथ यादव और राजन भुर्जी सहित कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। वहीं सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में विकास यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बाईपास पर शिवपाल सिंह यादव का माला पहनाकर स्वागत किया।

मोहन सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धांजलि सभा के साथ-साथ सपा के कार्यकर्ताओं के बीच आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर राजनीतिक सक्रियता का मंच भी बना।



रिपोर्टर: पवन कुमार पाण्डेय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ