हत्या कांड के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, तहसील गेट के पास मुख्य मार्ग जाम
बड़का गांव निवासी सुशील साहनी की हत्या से आक्रोशित लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई
टाइम्स ऑफ कुशीनगर |
भाटपार रानी/बनकटा, देवरिया
भाटपार रानी क्षेत्र के बड़का गांव निवासी सुशील साहनी की हत्या के विरोध में रविवार को परिजनों एवं ग्रामीणों ने तहसील गेट के समीप मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा कठोर दंड की मांग की।
प्रदर्शन सुबह लगभग 10 बजे शुरू हुआ। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी, जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग भी उठाई। इस बीच प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) कार्यालय का घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराया।
सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी भाटपार रानी दीप राज सिंह एवं क्षेत्राधिकारी अंशुमान श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें निष्पक्ष जांच एवं आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जाता है कि बड़का गांव निवासी सुशील साहनी पुत्र राम कुंवर साहनी का शव सवरेजी पुल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल देवरिया भेज दिया था। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल बना हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान पहुंचे भाजपा नेता राजकुमार शाही ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR