पोस्टर विवाद से भड़की पंचायत राजनीति, सोहरौना में खूनी संघर्ष; दो युवक गंभीर रूप से घायल
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। पंचायत चुनाव की सरगर्मी के बीच रामकोला थाना क्षेत्र के सोहरौना गांव में शनिवार की देर रात पोस्टर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि धारदार हथियार से हमला हो गया, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव में चुनावी माहौल को देखते हुए प्रत्याशी अशोक तिवारी के पोस्टर दीवारों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए थे। देर रात जब वे घर पहुंचे तो कई पोस्टर फटे हुए मिले। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे तनाव में बदल गया।
इसी दौरान गांव के ही शब्बीर अंसारी से कहासुनी हो गई। आरोप है कि टिप्पणी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पहले गाली-गलौज, फिर हाथापाई शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें अशोक तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
बीच-बचाव करने पहुंचे उनके परिजन प्रियांशु पर भी हमला किया गया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गांव में दहशत फैल गई।सूचना मिलने पर रामकोला पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामकोला ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गांव में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है। देर रात अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, हालांकि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
रिपोर्टर: अजय त्रिपाठी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
.jpeg)
.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR