रैनाथ ब्रह्मदेव महाविद्यालय, सलेमपुर में 1 अगस्त को लगेगा विधिक सेवा शिविर एवं विशेष लोक अदालत
प्रचार वाहन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में किया जा रहा जागरूक
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के तत्वावधान में जनपद न्यायाधीश धनेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन तथा सचिव अर्चना-।। के नेतृत्व में आगामी 1 अगस्त 2026 को सलेमपुर स्थित रैनाथ ब्रह्मदेव महाविद्यालय में विशेष विधिक सेवा शिविर एवं विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।शिविर का मुख्य उद्देश्य जनपद के विस्थापित अनुसूचित जनजाति, वनवासी और कमजोर वर्ग के लोगों को अशिक्षा, गरीबी तथा भौगोलिक विषमताओं के बीच शासन की विभिन्न योजनाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही शासन, प्रशासन, पुलिस और स्वयंसेवी संस्थाओं के समन्वय से भारतीय वन अधिनियम, 1927, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972, वन अधिकार अधिनियम, 2006, भारतीय न्याय संहिता और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता सहित अन्य संबंधित कानूनों के तहत लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित निस्तारण कराकर पात्र लोगों को न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना भी शिविर का उद्देश्य है।
शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ की ओर से विशेष प्रचार वाहन भेजा गया है। यह प्रचार वाहन 27 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक सलेमपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में पहुंचकर आमजन को विधिक सेवा शिविर एवं विशेष लोक अदालत के संबंध में जागरूक कर रहा है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया की सचिव अर्चना-।। ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से वन एवं अन्य संबंधित मामलों में लंबित प्रकरणों के पक्षकारों से आग्रह किया है कि वे विशेष लोक अदालत के माध्यम से अपने मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण कराकर सुलभ न्याय का लाभ उठाएं।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR