महराजगंज में भाकियू की बैलगाड़ी यात्रा, ईंधन कीमतों और किल्लत पर जताई नाराजगी

भाकियू की बैलगाड़ी यात्रा, ईंधन कीमतों और किल्लत पर जताई नाराजगी
टाइम्स आँफ महराजगंज ब्यूरों
महराजगंज। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के पदाधिकारियों ने गुरुवार को महराजगंज में बैलगाड़ी यात्रा निकालकर बढ़ती ईंधन कीमतों और डीजल-पेट्रोल की किल्लत के खिलाफ आवाज बुलंद की। जिलाध्यक्ष राम आशीष के नेतृत्व में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने ज्ञापन में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि खेती के मौसम में डीजल महंगा होने से कृषि लागत लगातार बढ़ रही है। साथ ही जिले के कई पेट्रोल पंपों पर डीजल-पेट्रोल की कमी से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भाकियू नेताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री की 'ईंधन बचाओ' अपील के समर्थन में 19 से 21 मई तक पनियरा से जिला मुख्यालय तक बैलगाड़ी यात्रा निकाली गई। किसानों ने मांग की कि कृषि कार्यों के लिए डीजल पर सब्सिडी दी जाए और रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस लेने की भी मांग की गई।
किसानों ने नेताओं के बड़े काफिलों और अनावश्यक रैलियों में कटौती कर ईंधन बचाने का सुझाव भी दिया।इस दौरान जगदीश साहनी, राजेंद्र सिंह, मुरारी धारिया, वकील खान, पृथ्वीराज, कल्पना साहनी, कैलाश प्रसाद, मोतीलाल, मिथिलेश अग्रहरि, रामहित यादव, बेधड़क महाराज साधु, राधेश्याम सिंह और बरसाती देवी समेत कई किसान नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ