विशेष किशोर पुलिस इकाई की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित
बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के दिए निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। पुलिस लाइन देवरिया के मनोरंजन कक्ष में विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) की जुलाई माह की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला बाल संरक्षण इकाई के संरक्षण अधिकारी जय प्रकाश तिवारी ने किया।बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला परिवीक्षा अधिकारी ने विशेष किशोर पुलिस इकाई के कर्तव्यों एवं दायित्वों के बारे में जनपद के सभी थानों पर नामित बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को नियमानुसार कार्य करने, बैठक में निर्धारित एजेंडा बिंदुओं के साथ समय से प्रतिभाग करने तथा आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
संरक्षण अधिकारी जय प्रकाश तिवारी ने एजेंडा बिंदुओं के आधार पर समीक्षा करते हुए कहा कि जनपद को बाल विवाह और बाल श्रम से मुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद के सभी बाल संरक्षण हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों के सर्वोत्तम हित में नियमानुसार कार्य करना है। इसके साथ ही संपर्क में आने वाले बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ दिलाया जाना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ कार्य करते समय किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप उनके सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए निर्णय और कार्रवाई की जानी चाहिए।
बैठक में बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सावित्री राय ने सभी बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे बैठक में निर्धारित एजेंडा बिंदुओं के साथ प्रतिभाग करें, ताकि जरूरतमंद बच्चों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से लाभान्वित कराया जा सके।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी दिनेश कुमार ने श्रम विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक नीतू भारती ने केंद्र पर बालिकाओं एवं महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और संसाधनों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आवासित पीड़िताओं से संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई जल्द से जल्द पूरी कराने की अपेक्षा जताई।
चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रभारी अमित कुमार उपाध्याय ने थानों से प्राप्त होने वाले चाइल्ड हेल्पलाइन से संबंधित मामलों की जानकारी दी और संबंधित थानों से आवश्यक सहयोग की अपेक्षा की। इस पर संरक्षण अधिकारी ने बताया कि जब कोई बच्चा किसी बाल संरक्षण हितधारक के संपर्क में आता है तो यात्रा में लगने वाले समय को छोड़कर 24 घंटे के भीतर उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाने का प्रावधान है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के चीफ लीगल डिफेंस काउंसिल दीपक कुमार तिवारी ने सभी बाल संरक्षण हितधारकों से बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य करने का सुझाव दिया। वहीं, थाना एएचटीयू के प्रभारी सुरेश वर्मा ने विशेष किशोर पुलिस इकाई एवं एएचटीयू की कार्यप्रणाली और दायित्वों के साथ ही किशोर न्याय अधिनियम के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखकर कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक में राजकीय बाल गृह बालक, देवरिया के प्रभारी अधीक्षक रामकृपाल, थाना एएचटीयू के उपनिरीक्षक सदन यादव, वन स्टॉप सेंटर की मनोवैज्ञानिक मीनू जायसवाल, मुख्य आरक्षी संतपाल राजभर, आरक्षी आकाश सिंह कुशवाहा सहित थाना एएचटीयू के पुलिसकर्मी और जनपद के सभी थानों पर नामित बाल कल्याण पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR