मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने हेपेटाइटिस के प्रति किया जागरूक
नेशनल वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जागरूकता संगोष्ठी और नाट्य मंचन का आयोजन
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर नेशनल वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज परिसर में जागरूकता संगोष्ठी और नाट्य मंचन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रजनी पटेल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता की मौजूदगी में छात्रों ने हेपेटाइटिस के प्रति लोगों को जागरूक किया।कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन और स्वास्थ्य कर्मियों को हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा इसकी जांच और उपचार के लिए उपलब्ध नई तकनीकों एवं दवाओं के बारे में जानकारी देना था। नाट्य मंचन के माध्यम से छात्रों ने हेपेटाइटिस से बचाव, समय पर जांच और उपचार के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रजनी पटेल ने कहा कि हेपेटाइटिस की समय पर पहचान और उचित उपचार से इसके गंभीर परिणामों से बचा जा सकता है। उन्होंने सुरक्षित रक्त के उपयोग, स्वच्छ सुई और सिरिंज, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित चिकित्सा प्रक्रियाओं तथा निर्धारित टीकाकरण को बीमारी से बचाव के प्रभावी उपाय बताया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि हेपेटाइटिस से संबंधित किसी भी लक्षण के दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए। विश्व हेपेटाइटिस दिवस केवल एक दिन तक सीमित अभियान नहीं है, बल्कि समाज को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि हेपेटाइटिस के प्रति लापरवाही गंभीर परिणामों का कारण बन सकती है। प्रत्येक व्यक्ति को समय पर जांच, आवश्यक टीकाकरण और चिकित्सकीय सलाह का पालन करना चाहिए। स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता और जागरूकता को इस बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम बताया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचके मिश्रा, नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र कुमार, हेपेटाइटिस उपचार केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. कोमल मोरे, डॉ. सिराजुद्दीन, डॉ. अजीत पाल, डॉ. जफर अनीश, जिला महामारी विशेषज्ञ राजीव भूषण पांडेय, रविजीत बहादुर सिंह, उपेंद्र तिवारी सहित मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, कर्मचारी और छात्र मौजूद रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR