बनकटा में डीएम का औचक निरीक्षण, बीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

बनकटा में डीएम का औचक निरीक्षण, बीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर संवाददाता
बनकटा (देवरिया)। जिलाधिकारी देवरिया मधुसूदन हुल्गी ने विकासखंड बनकटा के विभिन्न विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) बनकटा सोहनपुर का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों तथा पर्यवेक्षण में शिथिलता पाए जाने पर उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बनकटा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बीईओ को विद्यालयों का नियमित एवं प्रभावी अनुश्रवण करने, कमियों को तत्काल दूर कराने तथा शिक्षण व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकांश विद्यालयों में शिक्षक उपस्थित मिले, लेकिन छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने छात्र उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने और प्रत्येक बच्चे की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विद्यालयों में डिजिटल उपस्थिति प्रणाली का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बनकटा सोहनपुर में पंजीकृत 110 छात्राओं के सापेक्ष केवल 70 छात्राएं उपस्थित मिलीं। इस पर जिलाधिकारी ने छात्राओं की नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने छात्राओं से पाठ्यपुस्तक पढ़वाकर उनकी शैक्षणिक दक्षता का आकलन भी किया तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवस्थित पठन-पाठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य के निरीक्षण में यदि कमियां मिलीं तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर: व्रिजेश मिश्रा

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ