यूपी में मौसम का रेड अलर्ट: 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी

यूपी में मौसम का रेड अलर्ट: 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो 
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम बड़ा करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड वार्निंग जारी करते हुए 28 मई की शाम से 31 मई तक तेज आंधी-तूफान, वज्रपात, ओलावृष्टि और भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान हवा की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी भाग पर बने चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में व्यापक बारिश का दौर शुरू होगा। इसके चलते अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है तथा 29 मई से लू की स्थिति समाप्त होने की संभावना है। 
कुशीनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, देवरिया, सिद्धार्थनगर, बस्ती, लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 28 और 29 मई को तेज आंधी और मेघगर्जन के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। कुछ क्षेत्रों में 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।  
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। किसानों को भी फसलों और खुले में रखे कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। 
विशेषज्ञों के अनुसार तेज हवाओं और ओलावृष्टि से आम, केला, गन्ना, मक्का और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं बिजली आपूर्ति और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।



रिपोर्टर: ब्यूरो 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ