राज्यपाल से सम्मानित वैज्ञानिक का महाविद्यालय में भव्य अभिनंदन, तीन एनसीसी कैडेटों के अग्निवीर चयन पर भी गूंजी तालियां

राज्यपाल से सम्मानित वैज्ञानिक का महाविद्यालय में भव्य अभिनंदन, तीन एनसीसी कैडेटों के अग्निवीर चयन पर भी गूंजी तालियां

डॉ. कमलेश कुमार की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का हुआ सम्मान, प्रबंधक बोले— "ऐसे शिक्षक किसी भी संस्थान की सबसे बड़ी पहचान होते हैं"

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए राज्यपाल द्वारा सम्मानित राम रतन महाविद्यालय, रामपुर मंसूरगंज के विज्ञान संकायाध्यक्ष डॉ. कमलेश कुमार का महाविद्यालय परिसर में भव्य अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक रामचंद्र यादव ने उन्हें शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रबंधक रामचंद्र यादव ने कहा कि डॉ. कमलेश कुमार की उपलब्धियां पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने सभी प्राध्यापकों से आह्वान किया कि वे डॉ. कमलेश कुमार से प्रेरणा लेकर शिक्षा, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करें और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षक किसी भी शिक्षण संस्थान की सबसे बड़ी पहचान होते हैं।

डॉ. कमलेश कुमार ने शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके नाम तीन अंतरराष्ट्रीय तथा एक राष्ट्रीय पेटेंट दर्ज हैं। इसके अलावा स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर की तीन पुस्तकों का प्रकाशन, आईएमपीआरसी (IMPRC) की सदस्यता, आईजेईटीई (IJETE) जर्नल के संपादक मंडल में दायित्व तथा वर्ष 2025 का वर्ल्ड एथिक्स एजुकेशन सोसाइटी इंटरनेशनल बेस्ट टीचर अवार्ड जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धियां भी उनके नाम हैं।

उनके द्वारा विकसित 'नेचुरल पेस्टिसाइड डिस्पेंसिंग डिवाइस' को यूनाइटेड किंगडम इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी ऑफिस (UKIPO) से पेटेंट प्राप्त हो चुका है। यह उपकरण फसलों पर प्राकृतिक कीटनाशकों के नियंत्रित, सुरक्षित एवं प्रभावी छिड़काव के उद्देश्य से विकसित किया गया है, जिसे कृषि क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण नवाचार माना जा रहा है।

समारोह के दौरान महाविद्यालय के तीन एनसीसी कैडेटों के अग्निवीर के रूप में चयन पर भी उन्हें सम्मानित किया गया। उनके चयन पर उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। महाविद्यालय परिवार ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए चयनित कैडेटों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



रिपोर्टर: यहाँ नाम लिखें

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ