घुघली में स्पीड राडार गन से वाहनों की जांच, तेज रफ्तार चालकों पर कार्रवाई

घुघली में स्पीड राडार गन से वाहनों की जांच, तेज रफ्तार चालकों पर कार्रवाई

ZFD कार्यक्रम के तहत यातायात पुलिस और घुघली पुलिस का संयुक्त अभियान, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की अपील

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

घुघली/महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ज़ीरो फेटलिटी ड्राइव (ZFD) कार्यक्रम के तहत थाना घुघली क्षेत्र के चिन्हित स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान में यातायात पुलिस एवं थाना घुघली की क्रिटिकल कॉरिडोर टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

संयुक्त अभियान के दौरान स्पीड राडार गन से वाहनों की गति मापी गई। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान सहित नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने और सड़क पर सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया।

उपनिरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



रिपोर्टर: सतीश कुमार श्रीवास्तव

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ