भाजपा कार्यकर्ता के घर पहुंचे केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, पुत्र के निधन पर जताई गहरी संवेदना

भाजपा कार्यकर्ता के घर पहुंचे केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, पुत्र के निधन पर जताई गहरी संवेदना

विजयपुर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय व सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया भी रहे मौजूद

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पंकज चौधरी शुक्रवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के विजयपुर गांव स्थित भाजपा सेक्टर प्रमुख एवं सक्रिय कार्यकर्ता राजू विश्वकर्मा के आवास पहुंचे। उन्होंने राजू विश्वकर्मा के पुत्र के असामयिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

शोक संतप्त परिवार से मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है। परिवार के किसी सदस्य पर आने वाला दुख पूरे परिवार का दुख होता है। उन्होंने कहा, "प्रत्येक कार्यकर्ता का दुख मेरा अपना दुख है।" उनके इन शब्दों से परिजन और उपस्थित कार्यकर्ता भावुक हो उठे।

उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। इस दौरान केंद्रीय मंत्री कुछ समय तक परिवार के बीच बैठे, उनका हालचाल जाना और उन्हें मानसिक संबल प्रदान किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय एवं सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में भारतीय जनता पार्टी का पूरा परिवार उनके साथ मजबूती से खड़ा है।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ