पिकअप में छिपाकर ले जाई जा रही 138 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

स्वाट टीम और बनकटा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो रेफ्रिजरेटर व वाहन जब्त; करीब 9 लाख की शराब बरामद

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

भाटपार रानी/बनकटा, देवरिया। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट टीम और बनकटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 138 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, दो रेफ्रिजरेटर तथा वाहन बरामद किया है। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में गुरुवार देर रात संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर स्वाट टीम और थाना बनकटा पुलिस की संयुक्त टीम ने चौधूर छापर गांव में प्रधानपति विवेक राय के घर के सामने खड़े टाटा पिकअप (संख्या यूपी-53 ईटी-3238) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 138 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (करीब 1191.24 लीटर) तथा दो रेफ्रिजरेटर बरामद किए गए।

पुलिस ने इस मामले में थाना बनकटा पर मु0अ0सं0 173/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। वाहन स्वामी विवेक राय पुत्र बलिन्दर राय निवासी जैतपुरा, थाना बनकटा तथा अज्ञात चालक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।


बरामद शराब में 100 पेटी ऑफिसर्स चॉइस, 15 पेटी किंगफिशर स्ट्रांग बीयर, 6 पेटी आइकॉनिक व्हाइट डीलक्स ग्रेन व्हिस्की, 7 पेटी 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक सुपीरियर व्हिस्की, 5 पेटी सिग्नेचर प्रीमियम ग्रेन व्हिस्की, 3 पेटी ब्लेंडर्स प्राइड एक्सक्लूसिव प्रीमियम व्हिस्की, 1 पेटी इम्पीरियल ब्लू स्मूथ व्हिस्की तथा 1 पेटी बंटी प्रीमियम वोडका शामिल है। इसके अलावा दो रेफ्रिजरेटर और एक टाटा पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।

बरामद सामग्री की अनुमानित कुल कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुशांत पाठक, उपनिरीक्षक रिजवान खान, उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह, हेड कांस्टेबल शमसुलएन खान, कांस्टेबल रितेश सोनकर, विजय यादव, विनय प्रताप सिंह, सौरभ पासवान तथा आरक्षी शमशेर अहमद शामिल रहे।



रिपोर्टर:ब्रजेश मिश्र

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ