स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश मेडिकल कॉलेज में अनावश्यक रेफरल कम कर स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर जोर
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति, रोगी कल्याण समिति, जिला क्षय रोग समिति, संचारी रोग नियंत्रण समिति, जिला एड्स समन्वय समिति, फाइलेरिया उन्मूलन समिति, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा जिला आयुष कार्यकारी निकाय की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज से होने वाले अनावश्यक रेफरल को कम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सभी चिकित्सालयों में अधिक से अधिक संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने तथा आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए लगातार प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने और स्थानांतरित चिकित्सकों को तत्काल कार्यभार ग्रहण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एंबुलेंस सेवाओं की संख्या बढ़ाने और उनका रिस्पांस टाइम कम करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समयबद्ध चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए।
बैठक में जन औषधि केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने, नए आयुष आरोग्य मंदिरों की स्थापना में तेजी लाने तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान को व्यापक जनजागरूकता और प्रचार-प्रसार के माध्यम से प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने फाइलेरिया उन्मूलन और क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रमों को मिशन मोड में संचालित करने तथा इनके प्रति आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों का मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो सके।
बैठक में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR