स्कूलों के बीच संचालित शराब की दुकान से बढ़ा आक्रोश, लोगों ने हटाने की उठाई मांग


छात्राओं पर फब्तियां कसने और प्रदूषण फैलने का आरोप, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कसया, कुशीनगर। कसया थाना क्षेत्र के सपहा रोड स्थित हेरिटेज स्कूल एवं नवज्योति स्कूल के बीच संचालित शराब की दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नागरिकों का आरोप है कि शराब की दुकान पर आने वाले लोग आए दिन स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं, जिससे छात्राओं और महिलाओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, विद्यालयों के बीच शराब की दुकान संचालित होने से क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि स्कूल के आसपास इस प्रकार की गतिविधियां शिक्षा के माहौल पर भी नकारात्मक असर डाल रही हैं।

इसके अलावा आसपास पॉलिथीन एवं शराब के खाली पैकेट जलाने की शिकायत भी सामने आई है। लोगों का कहना है कि इससे निकलने वाला धुआं प्रदूषण फैला रहा है, जिससे भीषण गर्मी के बीच स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने की आशंका है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आबादी एवं विद्यालयों के बीच संचालित शराब की दुकान को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि छात्राओं, महिलाओं और आम लोगों को राहत मिल सके तथा क्षेत्र में सुरक्षित माहौल बनाया जा सके।

ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो इस मुद्दे को लेकर आगे जनआंदोलन भी किया जा सकता है।



रिपोर्टर: के. एन. राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ