घर में साफ-सफाई कर रही किशोरी करंट की चपेट में आकर झुलसी, हालत गंभीर मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर

घर में साफ-सफाई कर रही किशोरी करंट की चपेट में आकर झुलसी, हालत गंभीर

मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

बरहज, देवरिया। नगर के पटेल नगर वार्ड में गुरुवार को घर में साफ-सफाई कर रही एक किशोरी बिजली के करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरहज नगर के पटेल नगर वार्ड निवासी इमरान खातून की 16 वर्षीय पुत्री आलिया खातून गुरुवार को अपने घर में साफ-सफाई कर रही थी। इसी दौरान कमरे में चल रहे फर्राटा पंखे को हटाने के लिए जैसे ही उसने पंखे को हाथ लगाया, वह उसमें उतरे करंट की चपेट में आ गई। करंट लगने से वह कुछ देर तक पंखे से चिपकी रही और गंभीर रूप से झुलस गई।

किशोरी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तुरंत बिजली की आपूर्ति बंद कर उसे पंखे से अलग किया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया।

घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चिकित्सकों के अनुसार किशोरी के हाथ और पेट का हिस्सा करंट से झुलस गया है। फिलहाल उसका उपचार देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया में चल रहा है।



रिपोर्टर: पवन कुमार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ