कसया के निजी अस्पतालों में अग्निशमन एवं बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन की जांच, दो अस्पतालों को नोटिस
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कुशीनगर के निर्देश पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुकेश यादव एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मारकंडे चतुर्वेदी के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने गुरुवार को कसया में संचालित निजी अस्पतालों की अग्निशमन व्यवस्था और बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन की सघन जांच की।जांच के दौरान अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ अस्पतालों में बायो मेडिकल वेस्ट के रखरखाव एवं उसके उचित निस्तारण की भौतिक स्थिति का भी सत्यापन किया गया। टीम ने हंसराज हॉस्पिटल, कसया सेंट्रल हॉस्पिटल, बीना हॉस्पिटल, आयुष्मान हॉस्पिटल, गोपी चाइल्ड केयर एवं हमराही हॉस्पिटल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कसया सेंट्रल हॉस्पिटल में अस्पताल का वैध पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) उपलब्ध नहीं मिला। वहीं, हमराही हॉस्पिटल का कुछ हिस्सा बेसमेंट में संचालित पाया गया, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। इस पर दोनों अस्पतालों को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। साथ ही हमराही हॉस्पिटल को बेसमेंट में किसी भी प्रकार की चिकित्सीय गतिविधियां संचालित न करने के निर्देश दिए गए।चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मारकंडे चतुर्वेदी ने बताया कि किसी भी अस्पताल के संचालन के लिए अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) तथा बायो मेडिकल वेस्ट का नियमानुसार निस्तारण अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों का पालन न करने वाले अस्पतालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
रिपोर्टर: के. एन. राय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR