चकमार्ग व धारा-24 पैमाइश अभियान में जुटे अधिकारी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कसया/कुशीनगर।जनपद में इन दिनों चकमार्गों की पैमाइश एवं धारा-24 के तहत सीमांकन का विशेष अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। अभियान का असर अब गांवों में भी दिखाई देने लगा है। चिलचिलाती धूप के बावजूद राजस्व अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर विवादित मामलों का निस्तारण कर रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को उप जिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल ने विकासखंड हाटा के राजस्व ग्राम जनुबी कछुइयां पहुंचकर गाटा संख्या 136, जो डीह की भूमि से संबंधित है, का दोनों पक्षों को सुनने के बाद मौके पर ही निस्तारण कराया।
एसडीएम ने बताया कि शासन के निर्देश पर चकमार्गों की पैमाइश तथा धारा-24 के मामलों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन क्षेत्र में जाकर एक अत्यधिक विवादित चकमार्ग का समाधान कराया जा रहा है। साथ ही कानूनगो द्वारा की जा रही धारा-24 की पैमाइश की रेंडम जांच भी की जा रही है।
मौके पर राजस्व निरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, लेखपाल रीमा सिंह, ग्राम प्रशासक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बताया गया कि चकमार्ग विवाद को लेकर गांव निवासी गणेश यादव ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी, जिसके बाद मामले के निस्तारण की कार्रवाई तेज कर दी गई।
रिपोर्टर: के एन राय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR