गौरव हत्याकांड का छह घंटे में खुलासा, आला कत्ल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी अभिरक्षा में
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने की त्वरित कार्रवाई
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कसया, कुशीनगर।
कसया थाना क्षेत्र में युवक गौरव की हत्या के मामले का पुलिस ने घटना के महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया है। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कसया डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना कसया पुलिस, स्वाट टीम एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने मुकदमा अपराध संख्या 420/2026, धारा 103(1) बीएनएस का सफल अनावरण किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश कुमार पुत्र गुलाब प्रसाद निवासी डिघवा बुजुर्ग, पोखरा टोला, वार्ड नंबर-5 (बापूनगर), थाना कसया तथा राहुल प्रसाद पुत्र विधिलाल प्रसाद निवासी बड़गांव टोला धर्मागर छपरा, थाना कुबेरस्थान के रूप में हुई है। इसके अलावा एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक गौरव (20) के पिता राजू प्रसाद पुत्र हरीलाल निवासी डिघवा वार्ड नंबर-5, पोखरा टोला, थाना कसया ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्तियों ने धारदार हथियार से उनके पुत्र की हत्या कर शव को पानी में फेंक दिया है। इस सूचना पर थाना कसया में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सर्विलांस एवं स्वाट टीम की मदद से पुलिस ने घटना का खुलासा किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी नितेश कुमार और मृतक गौरव का एक ही युवती से प्रेम प्रसंग था। इसी रंजिश के चलते नितेश ने अपने साथी राहुल प्रसाद तथा एक नाबालिग के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई की रात आरोपियों ने गौरव को शराब पिलाने के बहाने गांव के बाहर पोखरे के किनारे बुलाया। वहां नितेश ने कुल्हाड़ी से उस पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को पोखरे के किनारे खेत में फेंककर तीनों मौके से फरार हो गए।
खुलासे में शामिल रही संयुक्त पुलिस टीम
घटना के सफल अनावरण में थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय, स्वाट टीम प्रभारी स्वतंत्र कुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक सनी दुबे, उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक रुद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी सनातन सिंह, मुख्य आरक्षी राहुल सिंह, आरक्षी ऋषि पटेल, शिवानंद सिंह, अंकित सिंह, रत्नाकर सिंह, उमाशंकर यादव, महेंद्र कुमार, विनोद कुमार तथा महिला आरक्षी शैलजा तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर: के. एन. राय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR