कुशीनगर को ₹525 करोड़ की विकास सौगात, सीएम योगी ने किया 464 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
कसया-रामकोला मार्ग, एयरपोर्ट, कृषि विश्वविद्यालय और ₹800 करोड़ के पुल को लेकर की बड़ी घोषणाएं
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
टेकुआटार,कुशीनगर।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर के रामकोला-हाटा विधानसभा क्षेत्र स्थित टेकुआटार से जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। उन्होंने ₹525 करोड़ की लागत वाली 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान कसया-रामकोला मार्ग के शीघ्र निर्माण, कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों के संचालन, कृषि विश्वविद्यालय के शुभारंभ और नारायणी नदी पर लगभग ₹800 करोड़ की लागत से पुल निर्माण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
जनसभा से पहले मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टालों का अवलोकन किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आवास एवं उद्योग विभाग के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और चेक वितरित किए। इस अवसर पर 110 वर्ष और 104 वर्ष आयु के दो वरिष्ठ नागरिकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले वर्षों में सुशासन, पारदर्शिता और विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। प्रदेश आज निवेश, औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना, पर्यटन, चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और बिना किसी भेदभाव के सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल तथा आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि अपराध और माफिया तंत्र पर प्रभावी कार्रवाई के कारण प्रदेश में सुरक्षित वातावरण बना है, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस नियंत्रण के लिए किए गए प्रयासों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेजों, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण और स्वच्छता अभियानों के कारण इस बीमारी से होने वाली मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है।
गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र परिवारों को मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से निःशुल्क उपचार तथा स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर कसया-रामकोला मार्ग के शीघ्र निर्माण का भरोसा दिलाया। साथ ही कहा कि पश्चिम एशिया की परिस्थितियों और विमान आपूर्ति में देरी के कारण कुशीनगर एयरपोर्ट से नियमित उड़ानें शुरू होने में विलंब हुआ है, लेकिन जल्द ही यहां से नियमित सेवाएं शुरू होंगी। भविष्य में कुशीनगर को गया और जेवर एयरपोर्ट से भी जोड़ने की योजना पर काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर में स्थापित कृषि विश्वविद्यालय का शीघ्र शुभारंभ होगा, जिससे आधुनिक कृषि तकनीक, अनुसंधान और किसानों के प्रशिक्षण को नई दिशा मिलेगी। वहीं नारायणी नदी के दियारा क्षेत्र के विकास के लिए लगभग ₹800 करोड़ की लागत से प्रस्तावित पुल की डीपीआर तैयार की जा रही है। पुल बनने से क्षेत्र के गांव शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार की बेहतर सुविधाओं से जुड़ सकेंगे।
कार्यक्रम को प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, सांसद विजय कुमार दुबे, गोरखपुर सांसद रवि किशन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिले के सभी विधायक, जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR