मगरमच्छ के हमले में लापता युवक का 27 घंटे बाद मिला क्षत-विक्षत शव
नारायणी नदी में मछली पकड़ने गया था युवक, SSB और NDRF ने चलाया सर्च अभियान
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। निचलौल ब्लॉक क्षेत्र के गेंढ़हवा गांव के पास नारायणी नदी में मछली पकड़ने गए 35 वर्षीय युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ युवक को पानी में खींच ले गया। घटना के बाद करीब 27 घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद मंगलवार दोपहर उसका क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
गेंढ़हवा गांव निवासी छबिलाल साहनी सोमवार को नारायणी नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान नदी में मौजूद मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे पानी में खींच ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने पहुंचकर युवक की तलाश शुरू कर दी।
लापता युवक की तलाश में एसएसबी और एनडीआरएफ की टीमों को भी लगाया गया। टीमों ने नदी के आसपास के क्षेत्रों के साथ पानी के भीतर भी सघन सर्च अभियान चलाया। मंगलवार सुबह से भी नदी में तलाश जारी रही।
करीब 27 घंटे की तलाश के बाद मंगलवार दोपहर 2:50 बजे युवक का शव बरामद हुआ। शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR