डीएम ने पीडब्ल्यूडी की निर्माणाधीन सड़कों में तेजी लाने के दिए निर्देश
एमडीआर-ओडीआर सड़कों का दिसंबर तक शत-प्रतिशत कार्य पूरा कराने के निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड और प्रांतीय खंड की निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ऐसी परियोजनाओं पर नाराजगी जताई, जिनमें विलंब के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने संबंधित सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने एमडीआर और ओडीआर सड़कों का कार्य दिसंबर माह तक प्रत्येक दशा में शत-प्रतिशत पूरा कराने को कहा। उन्होंने अक्टूबर और नवंबर में पूर्ण होने वाली 10 सड़कों का अधीक्षण अभियंता, पीडब्ल्यूडी द्वारा औचक निरीक्षण कराने के निर्देश भी दिए।
अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड ने बताया कि कुल 89 सड़कों का निर्माण कार्य कराया जाना है। इनमें से 68 सड़कों का कार्य दिसंबर माह तक पूरा कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने शेष अधूरे निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए और कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने की चेतावनी दी।
बैठक में नवागत मुख्य राजस्व अधिकारी चंद्रेश कुमार, एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज प्रसाद राठौर, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR