बाढ़ के गहरे पानी में फंसे बच्चों को एसडीएम और तहसीलदार ने गोद में उठाकर कराया रास्ता पार

बाढ़ के गहरे पानी में फंसे बच्चों को एसडीएम और तहसीलदार ने गोद में उठाकर कराया रास्ता पार

5.43 लाख क्यूसेक के रिकॉर्ड डिस्चार्ज के बाद घटने लगा गंडक का पानी, 1.19 लाख क्यूसेक पर पहुंचा प्रवाह

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। नेपाल के तराई क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद उफनाई गंडक नदी का जलस्तर अब धीरे-धीरे घटने लगा है। सोमवार तड़के वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से इस सीजन में रिकॉर्ड 5 लाख 43 हजार 500 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद महराजगंज जिले के निचलौल और सोहगीबरवा क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया था। बुधवार शाम चार बजे बैराज से पानी का डिस्चार्ज घटकर 1 लाख 19 हजार क्यूसेक रह गया, जिससे प्रभावित इलाकों में राहत मिलने लगी है।

बाढ़ के कारण सोहगीबरवा क्षेत्र के भोतहा और शिकारपुर के कई टोलों में पानी भर गया था। संपर्क मार्गों पर पानी चढ़ने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार को जलस्तर घटने के बावजूद कई स्थानों पर रास्ते पूरी तरह साफ नहीं हो सके हैं। सोहगीबरवा गांव में क्षतिग्रस्त सड़क के हिस्से में अब भी पानी जमा है, जबकि अधिकांश जगहों पर पानी घुटने से नीचे रह गया है।

बच्चों को गोद में उठाकर कराया रास्ता पार

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जमीनी स्थिति का जायजा लेने जा रहे एसडीएम अवनीश त्रिपाठी और तहसीलदार अमित सिंह को शिकारपुर से पहले रास्ते में गहरा पानी मिला। वहां छोटे बच्चों को पानी के बीच से गुजरने में परेशानी हो रही थी। स्थिति को देखते हुए दोनों अधिकारियों ने बच्चों को गोद में उठाकर गहरे पानी से सुरक्षित रास्ता पार कराया।

इसके बाद अधिकारियों की टीम सोहगीबरवा पहुंची और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। एसडीएम की अध्यक्षता में तहसीलदार अमित सिंह, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, बीडीओ, एमओआईसी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

गंडक नदी का जलस्तर लगातार घटने से ग्रामीणों को राहत मिली है। हालांकि, कई स्थानों पर जलभराव और क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों की समस्या बनी हुई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



रिपोर्टर: सतीश कुमार श्रीवास्तव 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ