डीएम ने अभियान चलाकर खाद्य एवं औषधि प्रतिष्ठानों की जांच के दिए निर्देश

डीएम ने अभियान चलाकर खाद्य एवं औषधि प्रतिष्ठानों की जांच के दिए निर्देश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के कार्यों और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान चलाकर खाद्य एवं औषधि से जुड़े प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने तथा अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन से जुड़े अधिकारियों की कार्य प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित अधिकारी 9, 13, 16, 21, 24, 27 और 30 अक्टूबर को अपनी कार्य प्रगति से अवगत कराएंगे।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि अप्रैल से सितंबर तक औषधि विभाग ने 236 निरीक्षण किए और 74 नमूने संग्रहित किए। इस अवधि में औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का 441 बार सत्यापन किया गया। सत्यापन के बाद 47 औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों के निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई।


खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 1,081 निरीक्षण किए जा चुके हैं और 243 नमूने संग्रहित किए गए हैं। इनमें 144 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार 53 नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए गए।

खाद्य सुरक्षा से संबंधित कुल 127 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 50 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। इन मामलों में 11 लाख रुपये का अर्थदंड भी आरोपित किया गया है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के कार्यों में प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


रिपोर्टर: पवन कुमार पांडे

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ